कोरोना के चलते चार महीनों से एचआरटीसी की 24 इलेक्ट्रिक बसें कुल्लू और मनाली में खड़ी हैं। इससे एचआरटीसी को लाखों का नुकसान हुआ है। कोरोना के चलते बसों को रोहतांग के लिए नहीं भेजा गया है। वर्तमान में सिर्फ एक ही इलेक्ट्रिक बस चल रही है। चार माह में बिजली बोर्ड ने एचआरटीसी को बसों की चार्जिंग का करीब 14 लाख का बिल थमाया है। इसको लेकर एचआरटीसी कुल्लू और बिजली बोर्ड आमने-सामने हैं। मामला गंभीर होने पर एचआरटीसी के अधिकारियों ने परिवहन मंत्री को भी अवगत करवा दिया है। निगम का कहना है कि उनकी इलेक्ट्रिक बसें मनाली और कुल्लू में चार्ज की जाती हैं। मनाली में कुल सात प्वाइंट हैं, जिनमें पांच संचालित हैं। कुल्लू में पांच चार्जिंग प्वाइंटों में तीन संचालित हैं।