हिमाचल के पांवटा-शिलाई एनएच पर हेवणा के समीप एक निजी बस चट्टान से टकरा गई। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। वाहन में करीब 40 से अधिक सवारियां थीं।
सतौन की तरफ से शिलाई जा रही बस को पास देते वक्त हेवणा मोड़ पर यह हादसा हुआ। निजी बस (एचपी-17बी 6282) शिलाई से पांवटा आ रही थी। अचानक सतौन से कमरऊ जा रही एक बस को पास देते वक्त चालक नियंत्रण खो बैठा और बस चट्टान से जा टकरा गई।
इस हादसे में शिलाई के मिल्लाह निवासी डीएन राणा (48), अनिता देवी (22), निर्मला (26), मानल निवासी मोहर सिंह (50), कांडो भटनोल निवासी हिरो देवी (55), निरंजना (21), डांडा पागर निवासी विद्या देवी (37), सतौन निवासी सुरेश कुमार (31), टिंबी निवासी दीप राम (35), धुंबाड़ी निवासी मनोज (22), बोहल निवासी सन्नी देवी (40), बेला निवासी श्यामा देवी (35), पांवटा निवासी रविंद्र बावा (52) व सुमन (40) घायल हुए।
सूचना मिलते ही सतौन व पांवटा से दो 108 एंबुलेंस वाहन मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मौके पर पहुंचे डीसी, सीएमओ, एसडीएम और तहसीलदार
निजी बस हादसे की सूचना मिलते ही डीसी सिरमौर बीसी बडालिया, सीएमओ डॉ. संजय शर्मा, एसडीएम पांवटा एचएस राणा, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान, तहसीलदार विमला पोखरियाल व एसएचओ अशोक चौहान मौके पर पहुंचे। अस्पताल परिसर में पहुंच कर घायलों का हालचाल पूछा। उधर, एसडीएम पांवटा एचएस राणा ने कहा कि हादसे के घायलों को 2-2 हजार फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।
बड़ा हादसे होने से टला, चट्टान के साथ है गहरी खाई
बस में सवार यात्रियों मनोज व दीपराम ने बताया कि बस दूसरे वाहन को पास देते वक्त अनियंत्रित हो गई और तीखे मोड़ पर चट्टान से जा टकराई। गनीमत रही कि बस टकराने के बाद रुक गई। चट्टान से नीचे की तरफ दो से तीन सौ मीटर गहरी खाई थी जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस में 40 से अधिक सवारियां थी। अधिकतर आगे की तरफ बैठी सवारियों को ही ज्यादा चोटें आई हैं।