प्रदेश के सरकारी स्कूलों में आउटसोर्सिंग पर तैनात 1383 कंप्यूटर शिक्षकों को अक्तूबर महीने का वेतन जारी नहीं किया गया है। अक्तूबर महीने में कंप्यूटर शिक्षकों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिलाई में मिलकर वेतन न मिलने को लेकर रोष जताया था।
मुख्यमंत्री ने दिवाली से वेतन की अदायगी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन सोमवार तक शिक्षकों को वेतन नहीं मिला। कंप्यूटर शिक्षक संघ के पदाधिकारी हेतराम, बलवंत, नरेश पांडित और राजेश ने बताया कि कई कंप्यूटर शिक्षकों को समय पर वेतन जारी नहीं किया जाता है।
महंगाई के इस दौर में बिना वेतन काम करना शिक्षकों के लिए मुश्किल हो गया है। हिमाचल में चाहे सरकार कांग्रेस की रही हो या फिर भाजपा की। सरकारों ने कंप्यूटर शिक्षकों के लिए पॉलिसी नहीं बनाई। विधानसभा चुनाव के दौरान नेता शिक्षकों को पॉलिसी बनाने का आश्वासन देते रहे है।