किन्नौर जिला और मंडी के लारजी में हुए दो सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। किन्नौर में हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत
हो गई है। ये हादसा देर रात हुआ है। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ
है जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार जिले के सापनी
गांव में में देर रात ये हादसा हुआ।
महेंद्रा पिकअप गाड़ी
करीब 100 फुट नीचे खाई में जा गिरी। इससे तीन लोग जिसमें वाहन मालिक सूर्य
प्रकाश नेगी, चद्र प्रकाश नेगी और नेपाली मूल के गोविदा की मौके पर ही मौत
हो गई।
एक अन्य घायल चंद्र बोरा खनेरी अस्पताल में उपचारधीन है।
बताया जा रहा है कि ये चारों कड़छम से सापनी गांव की ओर जा रहे थे। हादसा
कैसे हुआ, इसकी जांच चल रही है।
मंडी जिला के औट टनल के पास शनिवार रात को एक बुलेरो कार अनियंत्रित
होकर लारजी डैम में जा गिरी। हादसे में कार में सवार दो युवकों की मौत हो
गई।
धुंए से दम घुटने से एक की मौत, दो की हालत नाजुक
ऊना जिला में रात के समय बंद कमरे में आग सेंकने के लिए जलाई गई अंगीठी के धुएं से दम घुटने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसके दो अन्य साथियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक की पहचान कमल कुमार पुत्र गुरवचन निवासी राजपुरा पंजाब के रूप में की गई है। जबकि दो अन्यों की पहचान गुरदेव सिंह उत्तर प्रदेश और गोरखपुर निवासी बबलू के रूप में की गई है। घटना के संबंध में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
निजी उद्योग में काम करने वाले कमल, गुरदेव और बबलू शनिवार रात अपने कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए। कमरा बंद होने के कारण जल्द ही उसमें धुआं भर गया जिससे तीनों बेहोश हो गए। इस दौरान दम घुटने के कारण कमल की मौत हो गई।
रविवार सुबह करीब 9 बजे उद्योग प्रबंधक यूनिट में पहुंचे तो उन्होंने अंदर सोए मजदूरों को जगाने के लिए काफी देर तक आवाजें लगाई, लेकिन अंदर से कोई जबाव न आने पर उन्होंने फौरन लोगों को एकत्रित कर कमरे का दरवाजा तोड़ा।
दो अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद ऊना रेफर कर दिया। डीएसपी अंब जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो सड़क हादसों में एक की मौत
ऊना जिला में ही झलेड़ा गगरेट में दो सड़क हादसों में युवक की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान कांगड़ा घरजलाड़ी निवासी कमल सागर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कमल सागर शनिवार रात मोटरसाइकिल पर ऊना से अंब की ओर जा रहा था। इस दौरान एक कार चालक ने ओवर टेक करते वक्त उसे टक्कर मार दी। हादसे में कमल बुरी तरह घायल हो गया।
मोटरसाइकिल के पीछे कार में आ रहे बढेड़ा निवासी भगवान दास ने लोगों की मदद से कमल को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल चिकित्सकों उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, गगरेट में एक बाइक सवार ने स्तोथर निवासी शिव कुमार को टक्कर मार कर घायल कर दिया। जिसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में लाया गया है। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों हादसों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राहगीर को रौंद डाला
पांवटा-कालाअंब एनएच-72 पर शनिवार देर रात गांव में बर्थ डे पार्टी से लौट रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर माजरा पुलिस चौकी से टीम कोलर पहुंची। अज्ञात वाहन एवं चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। रविवार को पांवटा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
बताया जा रहा है कि कोलर निवासी हरिकृष्ण (45) पुत्र चेत राम अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गांव में ही एक परिवार के घर बर्थ-डे पार्टी में गए थे।
देर रात को करीब 10.45 बजे हरिकृष्ण अकेले वापस घर के लिए आ रहे थे। इन दिनों आसपास क्षेत्र में गहरा कोहरा पड़ा रहता है जिससे एनएच पर अचानक एक अज्ञात वाहन ने हरिकृष्ण को टक्कर मार दी। इससे हरिकृष्ण के सिर पर गंभीर चोट आई।
कुल्लू में गहरे ढांक में गिरी गाड़ी , दो की मौत
कुल्लू के दलाश-आनी मार्ग पर बश्टा स्थान पर रविवार देर रात एक कार गहरी खाई में गिर गई। इसके कारण गाड़ी में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गाड़ी में जय सिंह पुत्र भाग चंद निवासी बुआण और बरिशटू राम निवासी बश्टा सवार थे। ये लोग अमरबाग से दलाश की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी ढांग में गिर गई।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी और मदद के लिए दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। गाड़ी में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे का कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल पर लोग पहुंचे गए है। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को निकाल दिया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कुल्लू में मिला वृद्ध का शव
कुल्लू जिला के आनी की खणी पंचायत के शुजवी गांव के पास इसी गांव के एक 78 वर्षीय वृद्ध का शव मिला है। बताया जा रहा है कि वृद्ध 13 दिसंबर से लापता था।
डीएसपी आनी सुरेश चौहान ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि शव शुजवी गांव के रोबन देव शर्मा का है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से पता चला है कि उसकी बर्फ में पैर फिसलने के कारण चोट लगने से मौत हो गई।
हालांकि उसकी कई दिन पहले मौत हो गई थी, लेकिन किसी ने उसे देखा नहीं था। उन्होंने बताया कि रोबन देव शर्मा बीती 13 दिसंबर की सुबह हर रोज की तरह सुबह सैर के लिए निकला था।
शाम को घर वापस नहीं लौटेने पर उनके परिजनों ने रिश्तेदारों के यहां संपर्क किया। कहीं पर भी रोबन देव का पता नहीं चला। इस पर 19 दिसंबर को आनी थाना में उसके लापता होने की रिपोर्ट लिखवाई गई थी।
20 दिसंबर को पुलिस को सूचना दी गई कि शुजवी गांव से मात्र कुछ मीटर की दूरी पर ही एक शव पड़ा है, जो लापता रोबन देव का है।
मौत का कुआं बन गया सेफ्टिक टैंक, मासूम की मौत
उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के तिंदर गांव में एक दो साल के मासूम की पानी के सेफ्टिक टैंक में गिरकर मौत हो गई है। शनिवार देर शाम को हुई घटना से बच्चे के माता-पिता सदमे में हैं। बंजार पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों का सौंप दिया है।
डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने कहा कि तिंदर गांव के वीरभद्र का दो साल का रोहित घर के बाहर खेल रहा था। घर के बाहर बने रहे सेफ्टिक टैंक जो पानी से भरा था, अचानक बच्चा उसमें जा गिरा। काफी देर बाद जब बच्चे को परिजन ढूंढने लगे तो बच्चा टैंक के अंदर पानी में पड़ा मिला।
परिजनों ने बच्चे को तुरंत उपचार के लिए बंजार अस्पताल पहुंचाया लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। डीएसपी ने बताया कि कि पुलिस ने प्रारंभिक परिदृश्य में धारा 174 के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।