अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। वैलेंटाइन डे पर हिल्सक्वीन में जश्न का माहौल रहा। शहर के युवाओं और बाहर से आए सैलानियों ने उत्साह और उमंग के साथ वैलेंटाइन डे मनाया। हाथों में फूल, चॉकलेट और ग्रीटिंग कार्ड लेकर युवा रिज मैदान और मालरोड पर पहुंचे। शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में दिन भर युवाओं की रौनक रही और पार्टियों का दौर चला।
वैलेंटाइन डे के मौके पर शहर की गिफ्ट शॉप को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। रिज मैदान पद्मदेव परिसर में आर्चीज गिफ्ट गैलेरी के बाहर हार्ट शेप बैलून के साथ युवाओं ने फोटो खिंचवाए। मालरोड स्थित गिफ्ट की दुकानों की भी सजावट की गई थी। रिज मैदान पर भारी संख्या में युवा हाथों में हार्ट शेप गुबारे लेकर पहुंचे। युवाओं ने यहां सेल्फी ली और ग्रुप फोटो खिंचवाई। वैलेंटाइन डे के मौके पर फिल्म देखने के लिए शहर के थियेटरों में भी युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
---
पार्कों में छाया लव फीवर
राजधानी के पार्काें में वैलेंटाइन डे के मौके पर भारी संख्या में युवा युगल पहुंचे। रिज मैदान स्थित नगर निगम के दौलत सिंह पार्क, मालरोड स्थित लेडीज पार्क और एडवांस स्टडी के पार्क में युवाओं की भीड़ लगी रही।
---
मंदिरों में भी दिखे युवा युगल
बाजारों, रेस्टोरेंट्स और पार्कों के अलावा शहर के मंदिरों में भी वैलेंटाइन डे के मौके पर भारी संख्या में युगल पहुंचे। कालीबाड़ी, जाखू, तारादेवी, संकट मोचन सहित शहर के अन्य मंदिरों में युवा युगल देखे गए।
---
हुड़दंग न हो इसलिए सादी वर्दी में तैनात रही पुलिस
वैलेंटाइन डे के मौके पर सार्वजनिक स्थलों पर किसी तरह का हुड़दंग न हो इसके लिए सादी वर्दी में पुलिस कर्मी तैनात रहे। हालांकि शहर में ऐसी कोई घटना रिपोर्ट नहीं हुई।