हर माह टैक्स राशि पर एक फीसदी ब्याज लगेगा, बिजली-पानी के कनेक्शन काटने के लिए भी जारी होंगे नोटिस शहर में 32 हजार भवन मालिक देते हैं टैक्स
विज्ञापन
सुमित ठाकुर शिमला। राजधानी में प्रॉपर्टी टैक्स (संपत्ति कर) का भुगतान न करने वाले 12 हजार भवन मालिकों को अब मासिक ब्याज के अलावा पेनल्टी भी चुकानी होगी। नगर निगम ने 31 अक्तूबर तक टैक्स जमा न करवाने वाले भवन मालिकों को पांच फीसदी पेनल्टी (जुर्माना) दी है।
नगर निगम के नियमों के तहत हर साल नवंबर में टैक्स जमा न करने वाले भवन मालिकों पर नगर निगम यह पेनल्टी लगाता है। इस बार करीब 12 हजार भवन मालिक ऐसे हैं जिन्होंने बिल जारी होने के कई महीने बाद भी टैक्स जमा नहीं करवाया है। इन भवन मालिकों से अब ब्याज सहित पांच फीसदी पेनल्टी वसूली जाएगी। नगर निगम के अनुसार टैक्स राशि में हर माह एक फीसदी ब्याज राशि जुड़ती है। निगम इन भवन मालिकों को बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के नोटिस भी जारी करने जा रहा है। अगले सप्ताह से इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नगर निगम के अनुसार शहर में करीब 32 हजार के भवन मालिक हैं जिनसे प्राॅपर्टी टैक्स की वसूली की जाती है। नगर निगम हर साल पहली अप्रैल से भवन मालिकों को टैक्स बिल जारी करता है। इस बार 15 अक्तूबर तक शहर के भवन मालिकों को टैक्स जमा करने को कहा था। नगर निगम शिमला के संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि ऐसे भवन मालिक जिन्होंने समय पर टैक्स नहीं भरा है उन्हें अब पांच फीसदी पेनल्टी सहित टैक्स जमा करवाना होगा।
15 दिन के भीतर छूट भी शहर में लोगों को टैक्स के बिल जमा करने के लिए एक महीने का समय दिया जाता है। टैक्स के बिल मिलने के 15 दिन के भीतर इसका भुगतान करने पर निगम दस फीसदी छूट भी देता है। एक महीने बाद भी यदि बिल जमा नहीं किया तो हर माह टैक्स राशि में एक फीसदी ब्याज और हर छह महीने बाद पांच फीसदी पेनल्टी जुड़ जाती है। राजधानी के 36 भवन मालिक ऐसे भी हैं जिन्होंने दो या पांच सालों से टैक्स नहीं भरा है। इन भवन मालिकों के नगर निगम ने बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए हैं। यह कनेक्शन तभी बहाल होंगे जब वह प्राॅपर्टी टैक्स भरेंगे।