अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के वार्षिक समारोह पल्स में आईजीएमसी कॉलेज ने डंका बजाया है। पूरे भारत वर्ष से प्रतियोगिता में आए कॉलेजों में आईजीएमसी की टीम ने रिले रेस में नाम रोशन किया है। रिले रेस में आईजीएमसी ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। आईजीएमसी की टीम ने चार गुना सौ रिले रेस में गुरविंद्र कौर, अनीता भारती, तबशी कटोच और सिमरन ने सबसे तेज दौड़ लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं बैडमिंटन के डबल्स में सिदरा, इमरान ने कांस्य और टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शुभम ठाकुर, मिनी मिलिशिया प्रतियोगिता में दिनेश गुप्ता, कार्तिक कपूर और अभिषेक धीमान ने रजत पदक हासिल किया है।
टीम बीते दिनों ही आईजीएमसी लौटी है। टीम के लौटने के बाद आईजीएमसी के कॉलेज प्राचार्य प्रो. अशोक शर्मा और वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने टीम को बधाई दी है। आईजीएमसी सीएसए के अध्यक्ष शुभम रघुवंशी और महासचिव नवनीत शर्मा ने बताया कि टीम ने सलाहकार डॉ. यूके चंदेल की देखरेख में प्रतियोगिता की तैयारी की। आईजीएमसी की टीम की ओर से गोल्ड मेडल लाना हर्ष का विषय है।