राजधानी के एक नामी होटल के मालिक को 33 लाख रुपये का चूना लगाने वाला शातिर यूपी के गाजीपुर से पकड़ा गया है। पुलिस शुक्रवार शाम को आरोपी रामकुमार भारती (32)को लेकर शिमला पहुंच गई है। पुलिस ने जांच के दौरान मोबाइल नंबर के जरिये आरोपी की लोकेशन हासिल की और पुख्ता सुबूत मिलने के बाद यूपी में इसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि सदर पुलिस की एक टीम एसएचओ संदीप चौधरी की अगुवाई में पिछले एक हफ्ते से यूपी में डेरा डाले हुए थी।
जैसे ही आरोपी की सही लोकेशन का पता चला कि टीम ने गुप्त छापेमारी कर इसे पकड़ लिया। अब आरोपी से पूछताछ में कई खुलासे होने की उम्मीद है। इस वारदात में कई और आरोपियों के भी संलिप्त होने की संभावना है। आरोपी को पकड़कर लाई टीम में सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार और एएसआई नसीब भी शामिल रहे। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि आरोपी पकड़ा गया है। अब इससे पूछताछ की जाएगी।
डूप्लीकेट मोबाइल नंबर से अंजाम दी थी वारदात
पुलिस के अनुसार आरोपी ने होटल मालिक गोपाल अग्रवाल के मोबाइल नंबर की डुप्लीकेट सिम हासिल कर इनके खाते से करीब 33 लाख रुपये साफ कर दिए थे। होटल मालिक का कहना था कि वह गुड़गांव गए थे, जब उनके खाते से पैसे निकाले गए। उनके बीएसएनएल मोबाइल नंबर पर चार बार बैंक की ओर से ओटीपी मैसेज आया।
इस बारे में घर फोन किया लेकिन सबने इस बारे में जानकारी होने से मना कर दिया। मैसेज मिलने के अगले ही दिन होटल मालिक का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया था। शिमला पहुंचकर जब बैंक खाते चेक किए तो पता चला कि किसी ने उनके, उनकी पत्नी, बेटे की पत्नी और होटल के नाम से खोले खातों से कुल 33 लाख रुपये साफ कर दिए हैं। होटलमालिक ने तुरंत सदर थाने में इसकी शिकायत दी और मुकदमा दर्ज करवाया।
सवाल, जिनसे अब उठेगा पर्दा
आरोपी ने होटल मालिक का डुप्लीकेट नंबर लेने के लिए किस किस से मदद ली? बैंक खाते संबंधी जानकारी कहां से मिली? होटल मालिक के खाते से चुराया गया पैसा आरोपी ने कहां खर्च कर दिया? कुल कितने लोग वारदात में शामिल हैं? इन सब अनसुलझे सवालों को लेकर पुलिस पूछताछ की तैयारी कर रही है।