अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले भी होंगे सम्मानित संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। 69वें स्कूल नेशनल गेम्स में मेडल जीतने वाले 111 खिलाड़ियों को शनिवार को शिमला में सम्मानित किया जाएगा। इनके अलावा स्कूल गेम्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले 14 खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। शिमला के पोर्टमोर स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सदस्य संतोष चौहान ने बताया कि स्कूल गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। स्कूल शिक्षा निदेशक और हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष कोहली कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसका लक्ष्य प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाना भी है। कार्यक्रम में सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावक समारोह में उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन 2025-26 के राष्ट्रीय विद्यालय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समर्पित है। समारोह में 125 खिलाड़ियों को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें कबड्डी, हैंडबाल, कुराश, कुश्ती समेत कई अन्य व्यक्तिगत स्पर्धाओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ी शामिल हैं। समारोह का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देना है। यह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।