एमसी ने पहली बार पास किए एकसाथ 102 नक्शे, भवन ढाई मंजिला बनाने की मंजूरी
8 सरकारी और 94 निजी भवनों के नक्शे पास
अशोक चौहान
शिमला। राजधानी में लंबे समय से भवन निर्माण के लिए नक्शा पास होने का इंतजार कर रहे लोगों और सरकारी महकमों को बड़ी राहत मिली है। नगर निगम ने 102 भवनों के नक्शों को मंजूरी दे दी है। यह पहला मौका है जब नगर निगम ने एकसाथ सौ से अधिक नक्शों को पास किया है।
दो दिन तक चली नगर निगम की हाउस प्लानिंग अप्रूवल कमेटी की बैठक में इन नक्शों को मंजूरी दी गई। कुल 102 आवेदनों में आठ नक्शे सरकारी महकमों से जुड़े हैं। संजौली कॉलेज में कन्या छात्रावास बनाने के लिए बनने वाले भवन को भी निगम ने मंजूरी दी है। छात्रावास के लिए चार मंजिला भवन बन सकेगा। इसी तरह विंटर फील्ड और नाभा में बनने वाले सरकारी कर्मचारियों के आवासों के नक्शों को भी स्वीकृति दी है। यह भवन भी चार मंजिला रहेंगे। मैहली में सॉफ्टवेयर टेक्नो पार्क ऑफ इंडिया के नए कार्यालय के लिए बनने वाले चार मंजिला भवन के नक्शे को पास कर दिया है।
नगर निगम के अनुसार सरकारी विभागों के सभी आठ नक्शों में चार मंजिल तक के निर्माण की मंजूरी दी है लेकिन इसे अंतिम मंजूरी के लिए सरकार के पास भी भेजा जाएगा। नगर निगम के आर्किटेक्ट प्लानर देवेंद्र मिस्टा ने बताया कि सौ से अधिक नक्शे पास किए हैं। नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली ने कहा कि इससे शहरवासियों को राहत मिलेगी। लोग अब भवन निर्माण शुरू कर सकेंगे।
94 निजी भवनों को मिली मंजूरी
नगर निगम ने 94 निजी भवनों के आवेदनों को भी मंजूरी दी है। यह सभी ढाई मंजिला बनेंगे। इनमें 31 नए आवेदन थे। 11 आवेदन आनलाइन मिले हैं। निगम प्रशासन के अनुसार 55 आवेदन रिवाइज कंपलीशन के थे जिन्हें मंजूरी दी है।
पानी, बिजली के मिलेंगे सस्ते कनेक्शन
नगर निगम ने नक्शे पास करने की प्रक्रिया में तेजी लाई है। बीते एक साल में करीब आठ सौ से अधिक नक्शे पास किए हैं। इसमें रिवाइज कंपलीशन और कंपलीशन के भी सैकड़ों आवेदन हैं। इन्हें मंजूरी मिलने से इनके सस्ते पानी और बिजली के कनेक्शन लेने का रास्ता साफ हो गया है। नियमानुसार कंपलीशन न होने तक शहर में सस्ते कनेक्शन नहीं मिलते हैं।