चंबा-भरमौर मार्ग पर ढकोग के समीप ब्राघ नाली नामक स्थान पर एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें बैठे चार सवारों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत बहुत खराब बताई जा रही है जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा रेफर कर दिया गया।
यह हादसा सोमवार की सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे हुआ। जब खड़ामुख से कुछ दूरी पर स्थित लाहल गांव के चार व्यक्ति ट्रैक्टर पर सवार होकर चंबा की ओर आ रहे थे। तभी उनका वाहन अनियंत्रित हुआ और सीधे साथ लगती दो सौ मीटर गहरी खाई में लुढ़क गया।
लोगों ने पुलिस को इस हादसे की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को खाई से निकाल कर स्वास्थ्य उपचार के लिए भरमौर भेज दिया। जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गरोला भेज दिया। हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान मृतक सुभाष कुमार पुत्र जय राम निवासी गांव लाहल पंचायत खणी के रूप में हुई है।
जबकि घायलों में सुधीर कुमार, पुत्र सरवण, राकेश कुमार पुत्र तिलक व चालक कालू राम पुत्र प्रकाश सभी निवासी गांव लाहल पंचायत खणी के रूप में हुई है। घायलों में सुधीर कुमार की हालत काफी नाजुक है, जिसके चलते उसे भरमौर में उपचार देने के बाद क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा भेज दिया गया।
भरमौर थाना के प्रभारी जगरूप पठानिया ने बताया कि घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इसकी पुष्टि करते हुए एसपी चंबा डीके चौधरी ने बताया कि मामला गंभीर है जिसकी छानबीन की जा रही है।