रिकांगपिओ/सांगला/नाहन(सिरमौर)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने किन्नौर में लोगों को आश्वासन दिया कि जिले के ड्राई फ्रूट चिलगोजा और बादाम के लिए शिमला में एक्सपोर्ट सेंटर खोला जाएगा।
नाहन के चौगान मैदान में कांग्रेस के एक विज्ञापन पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस विज्ञापन में भी कह रही है कि देश का विकास हो रहा है। यदि विकास हुआ है तो देश की आधी आबादी क्यों गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही है। मोदी सरकार के आते ही देश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की तरह प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सांसद वीरेंद्र कश्यप ने ट्रांसगिरी को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने का जो मुद्दा संसद में उठाया था उसे मोदी सरकार पूरा करेगी। विशेष हिमालयन बटालियन एवं नेशनल मिशन ऑफ हिमालया का भी गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब किन्नौर में प्राकृतिक आपदा आई थी तो राहुल गांधी ने कहा था कि जिले में प्राकृतिक आपदा से बुरा हाल हुआ है, लेकिन दिल्ली में केंद्र सरकार होने के बावजूद राहुल ने किन्नौर के लोगों को मुआवजा नहीं दिलवाया।
इस मौके पर विधायिक दीया कुमारी, अल्प संख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल रशीद अंसारी, डा. राजीव बिंदल आदि मौजूद थे।