महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराती हैं इरफाना (सांकेतिक)
- फोटो : Pixabay
महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्रीनगर की इरफाना एक अनोखी पहल कर रही हैं। अपनी हर महीने की तनख्वाह से पैसे बचाकर वह सैनिटरी पैड खरीदकर सार्वजनिक शौचालयों में महिलाओं को बांटती हैं। सैनिटरी पैड के अलावा हैंड वॉश और सैनिटाइजर जैसी चीजें भी वह महिलाओं को उपलब्ध कराती हैं, ताकि इनका उपयोग करके महिलाएं अपने स्वास्थ्य का ख्याल रख सकें। इरफाना कहती हैं, आज भी कुछ महिलाएं रुढ़िवादिता के चलते जबकि कुछ पैसों की तंगी के कारण सैनिटरी पैड का इस्तेमाल नहीं कर पाती हैं। हालांकि हम सभी को जानना चाहिए कि महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए यह कितना आवश्यक है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मैं इस प्रकार की पहल कर रही हूं।
श्रीनगर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में काम करने वाली इरफाना कहती हैं, महिलाओं में सैनिटरी पैड के इस्तेमाल को लेकर और वृहद रूप से जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है। मेन्सट्रुअल हाइजीन के बारे में उन्हें विशेष रूप से जागरूक करने की आवश्यकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मैं तनख्वाह से कुछ पैसे बचाकर उससे सेनैटरी पैड खरीदती हूं और जरूरतमंद महिलाओं को बांटती हूं। घर-घर जाकर सैनिटरी पैड उपलब्ध कराना कठिन है, इस वजह से सार्वजनिक शौचलयों में इसे उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे महिलाएं इसका इस्तेमाल कर सकें।