अयोध्या राम मंदिर के गर्भगृह में विधिवत रामलला की मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद मेहमानों को रामलला के दर्शन कराए गए। जब मेहमान दर्शन कर लौट गए तो इसके बाद मीडियाकर्मियों को भी दर्शन के लिए बुलाया गया।
इस दौरान आम लोगों में भी दर्शन की ललक दिखी लेकिन आम लोग नहीं जा सके। देर रात करीब 10 बजे तक राममंदिर में दर्शन चलता रहा। परिसर में लगे सुरक्षा कर्मियों ने भी राममंदिर में हाजिरी लगाई।
वहीं, राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद कार्यक्रम में आए सेलिब्रेटी को देखने के लिए लोग उत्सुक दिखाई दिए। फिल्मी सितारों को हर कोई झलक देखने के लिए बेताब दिखाई दिया।
श्री राम मंदिर के आसपास बाहर से आए काफी संख्या में लोग मौजूद थे। समारोह में तीन प्रमुख मार्गों का प्रयोग खासतौर से किया गया। पीएम मोदी के लिए एक मार्ग को सुरक्षित रखा गया था। वह इसी मार्ग से समारोह में शामिल होने के लिए अंदर गए। उसी मार्ग से वापस लौटे।
इसे 11 नंबर गेट बताया गया। इसके अलावा दो अन्य प्रमुख मार्गों का प्रयोग किया गया। एक वीआईपी मार्ग क्षीरेश्वर नाथ मंदिर के सामने का और दूसरा राम जन्मभूमि पथ। पीएम के जाने के बाद सुरक्षा घेरा थोड़ा हल्का हुआ तो बाहर के लोग आगे बढ़ गए।
जन्मभूमि पथ से बाहर आते बाबा रामदेव ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया तो लोग उनके करीब आ गए। भीड़ बढ़ गई। हालांकि लोगों को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने रस्सी का इस्तेमाल किया।