राजस्थान के जोधपुर जिले में दो सितंबर हो हुई एक व्यक्ति की हत्या का वीडियो सामने आया है। जिसे किसी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में दिख रहे दो-तीन युवक बेहरमी से एक व्यक्ति पर धारदार हथियारों से हमला कर रहे हैं। वहीं, उसकी पत्नी उसे बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन दोनों आरोपी लगातार उसपर वार किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हत्या का यह वीडियो शहर के नागौरी गेट थाना इलाके का है। बताया जा रहा है कि मृतक शकील का एक परिवार से पुराना विवाद चल रहा था। आरोपी साकिर, सकील और लतीफ के परिवार वालों ने कुछ महीने पहले शकील के परिवार वालों पर जानलेवा हमला किया था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी परिवार के करीब छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद से आरोपियों ने शकील के परिवार से और भी रंजिश बढ़ा ली थी।
कुछ दिल पहले आरोपियों ने शकील और उसके परिवार को देख लेने की धमकी दी थी। दो सितंबर को रात करीब दस बजे शकील अपने दोस्तों के साथ कहीं से लौट रहा था। इस दौरान घर से कुछ दूरी पर आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे पहले पीटा और फिर जमीन पर किराकर धारदार हथियार से एक के बाद एक कई वार दिए।
शकील की पत्नी उसे बचाने की कोशिश करती रही और लोगों से मदद मांगती रही, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। आखिर में शकील को अधमरी हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना का वीडियो अब सामने आया है।