राजस्थान के जयपुर जिले की विश्वकर्मा थाना पुलिस ने युवक की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में सोमवार को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी साकिर खान, आरिफ, समीर खान, जुबेर, अहमद मुगल और अमन खान ने अपनी बेइज्जती का बदला लेने के लिए 22 दिसंबर को युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।
जानकारी के अनुसार परिवादी रेहान खान ने विश्वकर्मा थाने में केस दर्ज कराया था। उसने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया था कि 22 दिसंबर को शब्बीर आरिफ और अन्य कर्मचारी दिन के समय फ्लिपकार्ट हब में काम कर रहे थे। रात को ड्यूटी खत्म होने के बाद आरिफ, साकिर और शब्बीर सहित कुछ अन्य साथी फ्लिपकार्ट हब के सामने चाय की दुकान पर बैठे हुए थे। इस दौरान आरिफ ने फोन कर एक दर्जन से अधिक लड़को बुलवा लिया।
हथियारों के साथ आए युवकों ने शब्बीर पर हमला कर दिया। शब्बीर के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। साथ ही लाठी-डंडों से भी बुरी तरह पीटा। आरोपियों ने शब्बीर के साथ मौजूद अन्य लोगों से भी मारपीट की। जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। गंभीर घायल अवस्था में शब्बीर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस का कहना कि घटना से पहले 20 दिसंबर को शब्बीर और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजना बनाई थी। शब्बीर की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपियों की पहचान की। सोमवार को 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।