राजस्थान की राजधानी जयपुर के चोमू कस्बे में एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर पहले अपने बेटे और बेटी का कत्ल कर दिया और फिर अपनी जान भी दे दी। यह घटना कस्बे के सिंगोड खुर्द गांव की है। यहां पर मंगलवार की सुबह तीनों के शव घर के कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटके पाए गए थे।
महिला का पति रविंद्र सेठी जयपुर में राजस्थान सशस्त्र कॉन्सटेबुलरी (आरएसी) में काम करता है। वह सोमवार को छुट्टियों के बाद जयपुर वापस चला गया था। मंगलवार को जब महिला काफी देर तक कमरे से नहीं निकली तो ससुराली जनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने दरवाजा तोड़ा, लेकिन अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए।
पति की शराब की लत से परेशान थी मनीषा
मृतकों की पहचान मनीषा सेठी (32), नम्रता (10) और काव्यांश के रूप में हुई है। काव्यांश की आयु महज डेढ़ साल थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मनीषा अपने पति रविंद्र की शराब की लत से परेशान थी। इसके अलावा उसके परिवार पर लाखों रुपये का कर्ज भी था। इन्हीं बातों को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ था।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए मोबाइल फोन
पुलिस का कहना है कि इन्हीं कारणों के चलते महिला ने यह कदम उठाया। दोनों के मोबाइल फोन भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस को घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार मोबाइल की कॉल डिटेल आदि की जांच से इस मामले में और जानकारियां भी सामने आ सकती है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।