बूंदी में पुलिसकर्मी से मारपीट
- फोटो : Social Media
बूंदी के रामनगर कंजर कॉलोनी में महिलाओं और युवकों ने दो पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा। करीब आधे घंटे तक चली धक्का-मुक्की और मारपीट के बाद पुलिसकर्मी मुश्किल से जान बचाकर भागा। पुलिसकर्मी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार पुलिसकर्मियों ने गुजरात नंबर की गाड़ी देखकर उसमें बैठे लोगों से जानकारी ली। बताया कि यह रेडलाइट एरिया है। यहां कई लोगों के साथ लूट की वारदात हो चुकी है। इसी बात से नाराज हुई महिलाओं और युवकों ने दो पुलिसकर्मियों से मारपीट कर दी। पुलिसकर्मी बड़ी मुश्किल से जान बचाकर थाने पहुंचे।
सदर थानाधिकारी रविंद्र भारद्वाज ने बताया कि सोमवार को थाने के हेड कांस्टेबल रामप्रसाद और कांस्टेबल मनोहर परिवाद की जांच करने रामनगर कंजर कॉलोनी गए थे। वहां पर गुजरात नंबर की गाड़ी खड़ी देखकर पूछताछ की। उन्होंने युवकों को बताया कि यह रेडलाइट एरिया है। इसी बात से गुस्साए युवकों और महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ जमकर मारपीट कर दी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिसकर्मियों ने वीडियो के आधार पर दो नामजद सहित करीब छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उधर घटना के बाद पुलिस ने रामनगर इलाके में दबिश भी दी लेकिन आरोपी जब तक भाग चुके थे। पुलिसकर्मियों के हाथ और सिर पर हल्की चोटें आई हैं।