राजस्थान के जयपुर जिले में एक पति ने पत्नी की क्रूरता से हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी पत्नी पर एक बाद एक चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पत्नी हत्या करने के बाद आरोपी ने एक सुसाइड नोट लिखकर अपनी जेब में रखा और घर से निकल गया। इसके बाद वह हाईवे पर एक ट्रेलर के सामने कूद गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दिल दहला देने वाला यह मामला शहर के प्रागपुरा थाने के पावटा का है। पुलिस ने बताया कि मुंशीलाल मीणा (42) अपने परिवार के साथ पावटा के शिवनगर में रहता था। बीते दिन सोमवार को मुंशीलाल मीणा ने पत्नी मीरा देवी की चाकू से वार कर बेहरमी से हत्या कर दी। पत्नी की मौत के बाद वह बावड़ी के पास हाईवे पर पहुंचा और एक ट्रेलर के सामने कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना पुलिस पहुंची ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
इस दौरान मृतक की पहचान के लिए उसकी तलाशी ली गई तो उसकी जेब में एक कागज मिला। पुलिस ने उसे खोलकर देखा तो वह सुसाइड नोट था। जिसमें उसने अपनी पत्नी की हत्या करने और फिर खुद सुसाइड करने की बात लिखी थी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां से मीरा देवी का शव बरामद किया गया। उसके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार से निशान थे। साथ ही लाश के पास ही चाकू भी पड़ा हुआ था। पुलिस ने शव को पीएम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है।
बता दें कि मृतक दंपति के पांच बेटियां और एक बेटा है। माता- पिता को खोने वाले बच्चों को रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि उनके पिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया। न ही मृतक मुंशीलाल मीणा ने सुसाइड नोट में पत्नी की हत्या का कारण लिखा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।