राजस्थान के टोंक जिले में पांच दिन पहले एक युवक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। लेकिन, अब पुलिस की जांच में सामने आया है कि ये हादसा नहीं हत्या थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में युवक के दोस्त को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, टोंक जिले के सोप कस्बे में रहने वाले मस्तराम ऊर्फ रिंकू मीणा को 15 मार्च को एक ट्रैक्टर ने कुचल दिया था। मामले की जांच के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि मस्तराम की पत्नी का उसके पति के दोस्त सुरेंद्र धाकड़ के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुरेंद्र और मस्तराम पड़ोस में ही रहते थे। करीब एक साल पहले मस्तराम को उसकी पत्नी और सुरेंद्र के बीच चल रहे अफेयर की जानकारी लग गई।
इससे दोनों के बीच दुश्मनी शुरू हो गई। मस्तराम ने सुरेंद्र को उसकी पत्नी से दूर रहने और उसे कॉल नहीं करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद वह अपनी पत्नी को लेकर जयपुर चला गया और वहां रहने लगा। करीब दो महीने पहले ही वह जयपुर से वापस अपने घर लौटा था। इसके बाद सुरेंद्र मस्तराम की पत्नी को फिर से कॉल करना शुरू कर दिया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या से दो दिन पहले भी मस्तराम ने सुरेंद्र को उसकी पत्नी से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। 15 मार्च की शाम सुरेंद्र अपने खेत से ट्रैक्टर लेकर वापस लौट रहा था, इस दौरान उसका सामना मस्तराम मीणा से हो गया। इस दौरान सुरेंद्र ने मस्तराम की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या की और मौके से फरार हो गया। हत्या के पांच दिन बाद पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया।