तुम्हें जो करना हो कर लेना, तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती...यह धमकी एक पति अपनी पत्नी को दे रहा है। मामला राजस्थान के जयपुर का है। पति की धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से मदद की गुहार लगाकर आरोपी पति के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है। पीड़िता से लव मैरिज करने वाला पति क्यों उसकी जान का दुश्मन बन गया आइए जानते हैं...
गुर्जर की थड़ी निवासी 30 साल की युवती ने पुलिस को बताया कि सांगानेर के रहने वाले युवक से उसकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों बातचीत करने लगे। इस दौरान आरोपी ने उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील वीडियो भी बना लिए। इसके बाद से अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण करने लगा। मई 2019 में डरा-धमकाकर वह मेरठ ले गया और आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, कुछ महीने बाद उसने हिम्मत कर अपने परिजनों को शादी के बारे में जानकारी दी। दोनों के परिवार वाले शादी को मान लिया और एक कार्यक्रम भी रखा। कुछ दिन सब कुछ ठीक रहा, फिर बाद में आरोपी आए दिन उसके साथ मारपीट करने लगे। पति की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता अपने मायके आ गई।
इसके बाद भी उसकी प्रताड़ना कम नहीं हुई। पीड़िता का पति फोन कर उसे अश्लील वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने लगा। उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां भी देने लगा। पीड़िता कुछ कहती तो आरोपी ने कहा, तुम्हें जो करना हो कर लेना, तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। मैं तुम्हारे मोहल्ले में आकर तुम्हारी बदनामी करूंगा। बीते शनिवार की रात आरोपी पति ने पत्नी के घर पर पत्थर भी फेंके। तंग आकर पीड़िता थाने पहुंची और आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कराया। पीड़िता ने पुलिस से कहा, मुझे और मेरे परिवार वालों को जान का खतरा है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।