फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भरतपुर: शादी में डीजे पर झूम रहे थे लोग, अचानक सायरन बजने पर मची भगदड़, आपाधापी में कुएं में जा गिरे 3 बच्चे

Thu, 03 Jun 2021 08:36 AM IST
प्रियंका तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर

सार

भरतपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। राज्य में लॉकडाउन लागू है। ऐसे में सख्त प्रतिबंधों के तहत शादी विवाह जैसे कार्यक्रमों में बैंड बाजे और डीजे आदि पर बैन है, लेकिन मंगलवार रात को जिले के कामां इलाके में हो रही शादी के दौरान लोग डीजे की धुन पर नाच रहे थे। तभी इलाके से पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए गुजरी और लोगों में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में तीन बच्चे कुएं में जा गिरे।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के भरतपुर जिले से एक हादसे की खबर सामने आई है। दरअसल, जिले के कामां इलाके में एक शादी समारोह के दौरान इलाके से गुजरती पुलिस की गाड़ी की सायरन सुनकर भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में तीन बच्चे खुले कुएं में जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। गनीमत रही की गांव वालों ने समय पर उन्हें कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से 2 बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। 

विज्ञापन


सायरन की आवाज सुनकर अचानक भगदड़ मच गई
एक स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि कामां इलाके के अगरावली गांव में मंगलवार (1 जून) की रात को एक शादी में कई लोग एकत्रित हुए थे। शादी समारोह में लोग डीजे पर नाच-गा रहे थे। इसी दौरान इलाके से पुलिस की गाड़ी गुजरी और गाड़ी से आ रही सायरन की आवाज सुनकर अचानक भगदड़ मच गई। लोग पुलिस के डर से तितर-बितर होने लगे. इस दौरान जल्दबाजी में तीन बच्चे पास में स्थित कुएं में जा गिरे।

जिला अस्पताल रेफर
इनमें से एक बच्चे ने तो कुएं में लगे पाइप को पकड़ लिया और वहीं पर लटक गया। बाकी के 2 बच्चे कुएं में गिर गए और पानी में डूबने लगे। इस पर वहां मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गांव वालों ने बताया कि भगदड़ सायरन के कारण मची थी। हालांकि, पुलिस की गाड़ी शादी में भी नहीं आई। वह सायरन बजाते हुए निकल गई, लेकिन इससे शादी में डीजे पर झूम रहे लोग डर गए और यह हादसा हो गया।
विज्ञापन


गलतफहमी के कारण हुआ हादसा
मालूम हो  कि राजस्थान में कोरोना के बढ़ते मामलों को कम करने के लिए लॉकडाउन लागू है। ऐसे में राज्य में सख्त प्रतिबंध लगे हुए हैं। इन प्रतिबंधों के तहत शादियों के बड़े आयोजन और बैंड बाजे और डीजे आदि पर बैन लगा हुआ है। फिर भी प्रदेश में गुपचुप तरीके से शादियों के बड़े आयोजन हो रहे हैं। इनकी सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर भारी जुर्माना भी लगा रहा है। अगरावली गांव में भी शादी में नाच रहे लोगों को लगा कि शायद पुलिस आ गई है और वहां भगदड़ मच गई जिसका परिणाम इस हादसे के रूप में सामने आया।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें