जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम के लॉन टेनिस कोच के खिलाफ नाबालिग खिलाड़ी से कथित रेप का मामला दर्ज किया गया है। बदनामी के डर से चुप्पी साध रखी दुष्कर्म की शिकार पीड़िता ने परिजनों को जब आपबीती सुनाई तो उनके होश उड़ गए। आरोपी कोच के खिलाफ ज्योति नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया है। नाबालिग खिलाड़ी पिछले एक साल से इस स्टेडियम में कोचिंग ले रही थी।
जयपुर में दुष्कर्म करने के बाद टूर्नामेंट में खिलाने के बहाने कोच उसे उदयपुर भी ले गया और दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी सरोज धायल के अनुसार, ‘‘कोच के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।’’आरोपी कोच की पहचान गौरंग नलवाया के रूप में हुई है जो 2012 से इस स्टेडियम में सेवाएं दे रहा है। अपनी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कोच उसे स्टेडियम बुलाकर यौन उत्पीड़न करता था। आरोप हैं कि ताजा घटना में आरोपी ने उसे एक प्रतियोगिता में मौका दिलवाने के नाम पर उससे दुष्कर्म किया।
नेशनल खिलाने का झांसा देकर किया दुष्कर्म
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता जयपुर की रहने वाली है। वह टेनिस खिलाड़ी है और पिछले करीब एक साल से सवाई मान सिंह स्टेडियम में कोच गौरांग नलवाया के पास कोचिंग करने जा रही थी। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी पिछले एक साल से कोच के यहां पर कोच के अंडर में कोचिंग ले रही थी। कोच गौरांग ने टेनिस में नेशनल टूर्नामेंट खिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
कोच पर कई लड़कियों से संबंध बनाने का शक
ज्योति नगर थाना प्रभारी के मुताबिक गौरांग 9 साल से इस स्टेडियम में टेनिस कोच है। आशंका जताई जा रही है कि वह और भी लड़कियां को शिकार बनाया होगा। बदनामी के डर से अभी तक किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन जल्द ही आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी।