लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उदयपुर सीट के प्रत्याशी पूर्व कलेक्टर ताराचंद मीणा का कहना है कि चुनाव के नतीजे आने में बाकी बचे कुछ घंटों की धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करने के बजाय भाजपा एग्जिट पोल के जरिए गलत आंकड़े पेश कर जनता और विपक्षी दलों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। रविवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा मैनेज्ड एग्जिट पोल एनडीए की 350 से अधिक सीटों से जीत बता रहा है, जो कि किसी भी हाल में मुमकिन नहीं है।
मीणा ने इंडिया गठबंधन के 295 से अधिक सीटों पर जीतने का दावा किया। उन्होंने राजस्थान में 15 स्थानों पर कांग्रेस की और उदयपुर सीट पर स्वयं की जीत बताते हुए कहा कि उदयपुर से वे करीब 1 लाख मतों से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि उदयपुर शहर और उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के अलावा अन्य सभी विधानसभाओं में कांग्रेस को भारी अंतर की लीड मिलेगी। मीणा ने कहा कि हार-जीत का क्रम चलता रहता है मगर वे उदयपुर छोड़कर कहीं नही जाएंगे और यहीं रहकर जनता के दुख-दर्द में भागीदार बनेंगे।