उदयपुर में महिला को निर्वस्त्र कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने के संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो पर संज्ञान लेते हुए जिला पुलिस ने घटना की मुख्य अभियुक्ता और उसके दो भाइयों और भाभी को गिरफ्तार किया है। मामला उदयपुर जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र का है।
शुक्रवार को थाना पुलिस को सूचना तंत्र और नायब तहसीलदार से जानकारी मिली कि गुरुवार को देवला कस्बे में एक महिला को निर्वस्त्र कर अन्य महिलाओं द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घटना के संबंध में किसी ने भी रिपोर्ट बेकरिया थाने पर दर्ज नहीं कराई थी। घटना को खुद संज्ञान में लेकर एसपी भुवन भूषण द्वारा एसएचओ मुकेश कुमार को निर्देशित किया गया, जिन्होंने वायरल वीडियो में दिख रही पीड़िता के बारे में जानकारी हासिल कर उसके घर पहुंच काउंसलिंग कर रिपोर्ट प्राप्त की।
उसके आईपीसी और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएचओ मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने अभियुक्तों की तलाश शुरू की। आरोपी पाली जिले के रहने वाले थे। इस पर टीम पाली में पहुंची। देर रात बारिश ज्यादा होने से शनिवार को तलाश शुरू की गई। थाना नाना इलाके में जंगल मे छुपे घटना की मुख्य अभियुक्ता, उसकी भाभी और दो भाइयों को स्थानीय पुलिस के सहयोग से डिटेन किया गया।
एसपी भुवन भूषण ने बताया कि घटना की गंभीरता को देख जिला कलेक्टर के साथ वे खुद पीड़िता के घर पहुंचे, जिसे तुरन्त मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई। अन्य सहायता के लिए पीड़िता को उदयपुर लाया गया है। पुलिस-प्रशासन हर संभव सहायता पीड़िता को उपलब्ध करवा रहा है।