राजस्थान के उदयपुर जिले में केंद्रीय जलशक्ति एवं जनजाति मामलात राज्यमंत्री बिशेश्वर टुडू दो दिवसीय उदयपुर प्रवास पर हैं। सोमवार को मंत्री ने उदयपुर के सर्किट हाउस में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक ली। वहीं, केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की भी उन्होंने समीक्षा की। मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा को लेकर राहुल गांधी की चुटकी ली।
मंत्री ने कहा, राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा या यूं कहें कि इटली जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए। क्योंकि भारत में कांग्रेस तो वैसे भी अब खत्म हो रही है। उन्होंने कहा, मोदी सरकार जनकल्याणकारी विकास के काम कर रही है। इन कामों को धरातल तक पहुंचाने के लिए विपक्ष की सरकारों को भी भरपूर सहयोग करना चाहिए। क्योंकि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन जनता के विकास के कामों को प्राथमिकता देकर पूरा करना चाहिए।
मंत्री बिशेश्वर टुडू ने कहा, केंद्र सरकार जन कल्याण कामों के लिए पैसा देती है। सरकारें अक्सर उन्हें दूसरे काम में खर्च कर देती हैं। मंत्री ने जल शक्ति अभियान, पेयजल सप्लाई की स्थिति, बांधों में पानी की आवक, प्रमुख समस्याएं और समाधान आदि को लेकर समीक्षा बैठक ली। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग से चर्चा करते हुए छात्रावासों, विद्यालयों, विभिन्न प्रोजेक्ट्स की स्थिति जानी।