उदयपुर के देबारी-अंबेरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतापनगर थाना क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कार सवार दो मेडिकल छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछलकर दूसरी लेन में सामने से आ रहे भारी ट्रेलर से जा भिड़ी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना शनिवार दोपहर लगभग 3:30 बजे प्रतापनगर थाना क्षेत्र में स्थित रामदेवजी मंदिर से करीब 100 मीटर दूर हुई। कार में सवार चार छात्र देबारी की ओर से अंबेरी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे भारी ट्रेलर में जा घुसा। इस भीषण हादसे में दो छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने कड़ी मशक्कत करके कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा ने बताया कि कार में सवार चारों छात्र उदयपुर में उमरड़ा स्थित पैसिफिक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र थे। इनमें मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी उदय बंसल और छत्तीसगढ़ की बिलासपुर निवासी रुचिका परिहार (25) की मौत हुई है। वहीं हरियाणा निवासी शशांक सिंह और कार में सवार एक अन्य छात्रा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस घायल छात्रा के नाम और पहचान की पुष्टि करने की प्रक्रिया में जुटी है।
ये भी पढ़ें: जयपुर: निम्स अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में देर रात लगी आग, धुएं से मची अफरा-तफरी, मरीजों ने खुले में बिताई रात
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थानाधिकारी अजय सिंह राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और ट्रेलर को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया।
पुलिस ने दोनों गंभीर घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।