भरतपुर जिले के कुम्हेर थाना इलाके में एक बच्चे की पोखर में डूबने से मौत हो गई। दो जुड़वा भाई पोखर के पास खेल रहे थे, इस दौरान दोनों का पैर फिसला और वे पोखर में जा गिरे। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण जब तक पोखर पर पहुंचे एक बच्चे की डूबने से मौत हो चुकी थी। वहीं, दूसरे बच्चे को पोखर से बाहर निकाल लिया गया।
घटना भरतपुर जिले के कुम्हेर तहसील के सुरौता गांव की है। 8 साल का तनुज अपने जुड़वा भाई के साथ पोखर के पास खेल रहा था, खेलते खेलते दोनों का पैर फिसल गया और वे पोखर में गिर गए। दोनों भाई डूबने लगे तो उन्होंने जोर जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पोखर पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन एक बच्चा पानी में डूब गया।
ग्रामीणों ने तनुज के भाई को बचा लिया, लेकिन तनुज की पोखर में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने तनुज के परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।