अलवर में विप्र महाकुंभ का आयोजन।
- फोटो : अमर उजाला
अलवर के थानागाजी में रविवार को विप्र फाउंडेशन ने विप्र युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का बीड़ा उठाने की घोषणा की। इसके लिए "विप्र बैंक" की स्थापना की जाएगी, ताकि उद्यम स्थापित करने वाले युवाओं को सस्ती दरों पर आसानी से ऋण मिल सके।
विप्र बैंक की स्थापना के पीछे 1 लाख परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाने की बड़ी सोच है। विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा ने थानागाजी में आयोजित आठवें विप्र महाकुंभ में विप्र बैंक स्थापना की घोषणा करते हुए बताया कि बैंक स्थापना से पहले से ही विप्र फाउंडेशन इस दिशा में कार्यरत है। संगठन का विप्र चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज (विक्की) एक ऐसा मंच है जो विप्र व्यसायियों को व्यापार-व्यवसाय में लगातार प्रोत्साहित कर रहा हैं।
शिक्षा मंत्री कल्ला ने 14 प्रतिशत सवर्ण आरक्षण की मांग उठाई
महाकुंभ में शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने 14 प्रतिशत आरक्षण की मांग को फिर दोहराया और कहा कि यह हमारा हक है, जो मिलना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक आरक्षण की मांग भी उठाई। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने भी ईडब्ल्यूएस आरक्षण को 14 प्रतिशत करने की मांग उठाते हुए कहा कि वे इसके लिए सड़कों पर भी लड़ाई लड़ेंगे।
खाते खुलवाने की घोषणा
विप्र बैंक स्थापना की पहल का स्वागत करते हुए हरियाणा से आए कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष जितेन्द्र भारद्वाज ने सवा लाख रुपए और विक्की के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव कश्यप ने 21 लाख, कल्ला ने 25 हजार रुपए से खाते खुलवाने की घोषणा की। पूर्व मंत्री रोहिताश्व शर्मा, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष अर्चना शर्मा , विधायक रामलाल शर्मा व संजय शर्मा, पूर्व विधायक शंकरलाल शर्मा, पूर्व विधायक कृष्ण मुरारी गंगावत, कांग्रेस के नरेंद्र शर्मा आदि ने भी विप्र समाज को संगठित होने की अपील की। गजेंद्र ज्ञानपुरिया ने बानसूर क्षेत्र में ई लाइब्रेरी स्थापना की घोषणा की।