डीग जिले के कामां थाना पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ठग ठगी की रकम निकालकर ला रहे थे। उनके पास से पुलिस ने 5 लाख रुपये, 1 कार, 3 मोबाइल और 2 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। दोनों आरोपी 15 प्रतिशत कमीशन पर साइबर ठगों को ठगी का पैसा एटीएम से निकलकर देते थे।
कामां थाना पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली की, दो लड़के एक नीले रंग की गाड़ी में ऑनलइन ठगी की रकम लेकर जा रहे हैं। पुलिस का जाब्ता तुरंत भूमाफिया बुर्ज के पास पहुंचा, और मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार गाड़ी को रुकवाया। कार में दो लड़के बैठे थे। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम वारिस और अरमान निवासी गुंड़गांव थाना कामां होना बताया। कार की तलाशी लेने पर दोनों के पास एक प्लास्टिक बैग मिला, जिसमें 500 के नोटों की 8 गड्डियां रखी हुई थीं।
पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि साइबर ठगों द्वारा ठगी की गई रकम को 15 प्रतिशत कमीशन में एटीएम से निकालकर उन्हें देते हैं। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।