चूरु जिले के राजलदेसर थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। नाबालिग की मां की रिपोर्ट पर दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है।
राजलदेसर थानाधिकारी रतनलाल ने बताया कि पुलिस रिपोर्ट में पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी कई दिनों से डरी हुई और गुमसुम रहती थी। उससे बार-बार पूछने के बाद भी कुछ नहीं बताया। 13 अगस्त की रात हम लोग सो रहे थे। इसी दौरान छत पर सो रही नाबालिग बेटी के चिल्लाने की आवाज आई तो मेरे पति दौड़कर छत पर गए। इसी दौरान किसी के छत से कूदने की आवाज आई, जिसका पता किया तो गांव का ही मुकेश था।
डरी और सहमी हुई बेटी से पूछने पर बताया कि करीब पांच-छह महीने से मुकेश और राकेश मुझसे रास्ते में छेड़छाड़ करते हैं। मेरे पीछे काले शीशे की बोलेरो गाड़ी से चक्कर लगाते हैं। मां ने बताया जब हम घर में नहीं थे। तब मुकेश हाथ में छुरा लिए घर में घुस आया। पीछे से नाबालिग को पकड़ लिया और गर्दन पर छुरा रख डराया और गला काटने की धमकी देकर अश्लील वीडियो बना लिया उसके साथ रेप का प्रयास किया। शोर मचने पर आरोपी मुकेश वहां से भाग गया।
घटना के पांच छह दिन बाद नाबालिग स्कूल से घर आ रही थी। तब पीछे से काले शीशे की बोलेरो गाड़ी आई, जिसमें से मुकेश ने जबरन नाबालिग को उठाकर गाड़ी में डाल लिया। और रतनगढ़ रोड की तरफ राजांणा जोहड़ के पास ले गए। गाड़ी में मुकेश का भाई राकेश और एक अन्य राकेश मौजूद थे। उनके हाथ में पिस्तौल थी। वहां उसके साथ गैंगरेप किया गया। राकेश ने पिस्तौल तान कर कहा धमकी दी कि घटना के बारे में किसी को बताया तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मार दूंगा।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर दो सगे भाइयों सहित तीन जनों के खिलाफ रेप और पॉक्सो की धारा में मामला दर्ज कर लिया है।