जैसलमेर के देवीकोट इलाके के छोड़ गांव के पास एक ट्रक में आग लग जाने से हड़कंप मच गया। आग का गोला बने ट्रक को देखकर लोगों ने पुलिस को जानकारी देकर बुलाया। मौके पर आई देवीकोट चौकी पुलिस ने सिविल डिफेंस की दमकल को मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस की दो फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग से पूरा ट्रक ही जल गया। ट्रक में बिजली के सामान का स्क्रैप भरा हुआ था।
ड्राइवर को झपकी आने पर ट्रक उतरा सड़क से नीचे
देवीकोट चौकी के ASI दीप सिंह ने बताया कि ट्रक स्क्रैप से भरा था और मूंदरा गुजरात से जालंधर पंजाब की तरफ जा रहा था। इस दौरान छोड़ गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 6 बजे चलते ट्रक में ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। ट्रक सड़क से 40 मीटर नीचे उतर गया। ट्रक का टायर पत्थर से टकराया और ट्रक की बैटरी पर लगा। ट्रक रुक गया लेकिन बैटरी ने आग पकड़ ली। अचानक लगी आग से ट्रक ड्राइवर को लपटों ने घेरा। ड्राइवर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
एक घंटे बाद आई दमकल
एएसआई दीप सिंह ने बताया कि ट्रक में आग लगने पर वहां एक बाइक सवार गुजरा उसने ड्राइवर की मदद की और उसको हॉस्पिटल लाया। उस दौरान देवीकोट पुलिस चौकी को जानकारी मिलने पर हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सिविल डिफेंस की दो दमकल करीब एक घंटा देरी से पहुंची। तब तक ट्रक पूरा आग का गोला बन गया था। सिविल डिफेंस की 2 दमकल ने करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।