अस्पताल में भर्ती घायल महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
दौसा के मित्रपुरा पेट्रोल पंप और भांडारेज मोड़ के बीच जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। हादसा बीती देर रात आगरा हाईवे पर मेडिकल कॉलेज के पास हुआ। एक ट्राले ने जुगाड़ गाड़ी में बैठकर बेटी के ससुराल से लौट रहे पीहर पक्ष के लोगों को टक्कर मार दी।
हादसे में जुगाड़ पलटने से उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार मच गई। चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। इधर, सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से 20 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 8 गंभीर घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रेफर किया गया है।
जुगाड़ गाड़ी से जामणा लेकर महेश्वरा गांव गया था परिवार
घायल के परिजनों ने बताया कि झापडावास गांव का एक परिवार जुगाड़ गाड़ी से जामणा (बेटी के बच्चा होने पर ससुराल में उपहार- भेंट) लेकर महेश्वरा गांव में गया था। जहां से देर रात वापस लौटते समय भांडारेज मोड़ के पास ट्राले और जुगाड़ में टक्कर हो गई। जिससे जुगाड़ गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गया।
दो महिलाओं की मौत
हादसे में दो महिलाओं कजोडी और गुन्नू पुत्री राम खिलाड़ी की मौत हो गई। वहीं, घायलों में बोदूराम, संपत्ति, रामधन, ममता, अनिता, गोमा देवी, विमला देवी, सपना, खुशबू, उग्रसेन समेत अन्य शामिल हैं। जिनका जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में मुकेश, गुड्डी, राजंती, परी समेत अन्य लोगों को जयपुर रेफर कर दिया है।