टोंक शहर में पार्क और चौराहे अब बाइक चोरों के निशाने पर आ गए हैं। अगर आप भी अपनी बाइक को यहां खड़ी कर जा रहे हैं तो सावधान हो जाइए। टोंक सीओ सिटी राजेश विद्यार्थी ने मंगलवार को बाइक चोर गैंग का खुलासा किया और दो बाइक चोरों के साथ तीन बाइक खरीददार भी दबोचे।
सीओ सिटी राजेश विद्यार्थी ने बताया कि कोतवाली थाना इलाके में बीते दिनों हुई बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बाइक चोर, जिनमें मेहंदवास थाना इलाके के सोनवाल निवासी नवल सैनी और कोतवाली इलाके निवासी हफीज को गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी की बाइक को खरीदने के आरोप में मेहंदवास के मोरडा निवासी विकास बैरवा, बूंदी जिले के लाखेरी निवासी सादिक और कोतवाली इलाके निवासी दानिश को गिरफ्तार किया।
सभी पांचों आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसके बाद 12 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस पूरी वारदात में एक बात सामने आई कि इन सभी आरोपियों ने नेहरू पार्क, किदवई पार्क और हेमू सर्किल इलाके को अपना निशाना बनाया। यहां लोगों की भीड़भाड़ का फायदा उठाकर बाइकें चोरी कीं और फिर इन्हें कौड़ियों के दाम बेचकर अपने शौक पूरे किए। इस पूरी वारदात में कोतवाली थाना इलाके के कांस्टेबल रूकमकेश का विशेष योगदान रहा।