हादसा रविवार शाम को पाली-सोजत हाईवे पर नागा की बगीची के पास हुआ। कार सामने से आ रही एक वैन से टकरा गई। हादसे में कार में सवार अमरैली गुजरात निवासी 45 साल के अल्ताफ पुत्र बाबू खान की मौत हो गई। जिनकी बॉडी सोजत हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाई गई है। वहीं, वैन में सवार पाली जिले के मांडा गांव निवासी 72 साल के चोलाराम जाट पुत्र भूराराम जाट और उनकी 65 साल की पत्नी हरकुदेवी जाट की भी मौत हो गई। वहीं, बासनी भादवातन निवासी उनका जमाई पुखाराम जाट गंभीर घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।
कार सवार पांच घायल
कार में सवार गुजरात के काठियावाड़ निवासी 33 साल का जाहिद पुत्र करीब भाई, 25 साल का सरफराज पुत्र कालू खान, 24 साल का मोहसीन पुत्र मेहबूब भाई, 17 साल का उस्मान पुत्र सलीम भाई और 23 साल का अल्ताफ घायल हो गए। जिनका जोधपुर, पाली और सोजत में उपचार चल रहा है।
अजमेर से जियारत कर गुजरात लौट रहे थे कार सवार
गुजरात निवासी सभी लोग अजमेर में ख्वाजा साहब की दरगाह पर जियारत करने आए थे। जो रविवार को कार से गुजरात लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
वैन सवार मृतक तोलाराम पाली में बीमार बहन से मिलकर मांडा गांव लौट रहे थे
वहीं, वैन में सवार मृतक तोलाराम अपनी पत्नी और जमाई के साथ मांडा गांव जा रहे थे। वे पाली में अपनी बीमार बहन से मिलने आए थे। वापस मांडा गांव जाते समय यह हादसा हो गया।