राजस्थान के नागौर में टांके में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई। इनमें से दो सगे भाई थे। एक युवक पानी पीने की कोशिश में टांके में गिर गया। उसे डूबता देखा उसका भाई और एक अन्य युवक उसे बचाने के लिए टांके में कूद गए। एक दूसरे को बचाने के प्रयास में तीनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाए।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना नागौर के थांवला थाना इलाके की है। एक युवक को प्यास लगी तो वह टांके पर पानी पीने के लिए चला गया। इस दौरान पैर फिसलने के कारण वह उसमें गिर गया। उसे डूबता देख उसका भाई और दूसरा युवक उसे बचाने के लिए टांके में कूद गए। एक दूसरे को बाहर निकालने के प्रयास में तीनों ही उसमें डूब गए। मृतकों में गोपालराम (15), सुरेश (25) पुत्र कालूराम और साबुराम (25) पुत्र चोथुराम बागरिया शामिल हैं। गोपालराम और सुरेश आपस में भाई है। वहीं, 25 साल का साबूराम शादीशुदा है, उसके तीन बच्चे भी हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से तीनों शव टांके से बाहर निकलवाए और परिजनों को सूचना दी। शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सोमवार को उनका पीएम किया जाएगा।