हादसे के बाद लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के टोंक जिले के मालपुरा इलाके के लांबाहरिसिंह कस्बे स्थित हरि सागर कुंड में नहाने गए तीन लड़के पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने दो लड़कों को बचा लिया, लेकिन एक की गहरे पानी में जाने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार लांबाहरिसिंह कस्बे में मंगलवार सुबह धुलंडी के अवसर पर होली खेलकर 3 चचेरे भाई बारह खंभा छतरी के हरिसागर कुंड में नहाने गए थे। बंटी (19) पुत्र महावीर प्रजापत उम्र 19 साल, सूरज (19) पुत्र हंसराज प्रजापत और हनुमान (16) पुत्र गोपी नहाते समय गहरे पानी में चले गए। इस दौरान तीनों को पानी में डूबते देख बाहर खड़े जीतराम ने जोर से चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर कुंड में नहा रहे अन्य युवकों अखिलेश वैष्णव, वीरेंद्र माली और राम प्रसाद जांगिड़ ने सूरज और हनुमान को पानी से बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली, लेकिन बंटी का कुछ पता नहीं चल सका।
इधर, घटना की सूचना पर एएसआई राम नारायण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बंटी की तलाश के लिए गोताखोर समसुद्दीन मंसूरी को मौके पर बुलाया गया। करीब आधे घंटे की तलाश के बाद बंटी को तलाश कर अस्पताल पहुंचा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उपसरपंच संजय पाराशर ने बताया कि गांव में बादशाह की सवारी निकल रही थी। सभी लोग होली खेल रहे थे, इस दौरान पता चला कि कुंड में 3 लड़के डूब गए हैं। तीनों चचेरे भाई एक साथ कुंड में नहाने गए थे। इस दौरान पानी में डूबने से बंटी की मौत हो गई। बंटी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।