पाली शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नागा बाबा बगीची में बीती रात एक बार फिर चोर घुस गए। हालांकि, चोर चोरी करने में सफल नहीं हो पाए, संतों के शोर मचाने पर चोर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार देर रात की है। 3 चोरों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर ने नागा बाबा बगीची में प्रवेश किया, लेकिन यहां रह रहे संतों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। लेकिन, संतों का शोर सुनकर चोर पुलिस से आने से पहले ही फरार हो गए।
मंदिर में लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में चोर पीछे के रास्ते से मंदिर परिसर में प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहे हैं। नागा बाबा बगीची के संत सुरेश गिरी के अनुसार बीती रात करीब 1 बजे तीन चोर पीछे के रास्ते से दीवार कूदकर मंदिर परिसर में घुसे।
सभी ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। दो चोर मंदिर की तरफ आए और एक गेट पर ही खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। घटना के समय संत जागे हुए थे, इसलिए चोर वारदात में सफल नहीं हो पाए। पुलिस ने केस दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।