पुलिस गिरफ्त में आरोपी चोर विरमा राम।
- फोटो : सोशल मीडिया
बाड़मेर की सदर थाना पुलिस ने करीब एक महीने पहले हुई लाखों की चोरी का खुलासा कर शातिर चोर विरमा राम मेघवाल पुत्र राणाराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 189.02 ग्राम सोने के जेवरात और 2.255 किलो गलाई हुई चांदी की बट्टी बरामद की गई है। बरामद किए गए माल की कीमत 15 लाख रुपये के करीब है।
बाड़मेर एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि घटना के संबंध में रामसर का कुआं गांव निवासी मोमता राम ने केस दर्ज कराया था। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया था कि 8 अगस्त को अज्ञात चोर उसके मकान का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात चुरा ले गया। चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम बनाई गई।
पुलिस टीम ने मुखबिरों को एक्टिव किया। साथ ही आदतन अपराधियों और संदिग्धों पर भी नजर रखी गई। संदिग्ध पाए जाने पर विरमा राम को हिरासत ने लेकर पूछताछ की गई तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस की टीम ने आरोपी की निशानदेही से 189.02 ग्राम सोने के जेवरात और चांदी के जेवरात को गला कर बनाई गई 2.255 किलो की बट्टी बरामद की।
आरोपी के खिलाफ पहले से 18 केस दर्ज
पुलिस पूछताछ में आरोपी विरमा राम ने बताया कि उसने 8 अगस्त को ही थाना गिड़ा क्षेत्र के कालानाड़ा झाख एरिया में भी एक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ कई थानों में 18 केस दर्ज हैं। आरोपी शिव थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।