राजस्थान के शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी को पिछले दिनों धमकी भरा पत्र भेजने के मामले में अजमेर पुलिस शीघ्र खुलासा कर सकती है। मामले में अजमेर जिले के कोतवाली थाने की पुलिस उस महिला तरन्नुम तक पहुंच गई है। जिसके नाम से वह धमकी भरा पत्र भेजा गया था।
तरन्नुम ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह पहले जयपुर में रहती थी। अब पिछले कुछ अरसे से अजमेर में रहती है तथा प्राइवेट जॉब करती है। उसे धमकी भरा पत्र उसके नाम से भेजे जाने की जानकारी नहीं है। बल्कि तरन्नुम ने पुलिस को बताया कि उसे भी इसी तरह के लिफाफे में बंद दो पत्र भेजे गए थे।
एसपी अजमेर नितिनदीप बल्लगन के निर्देशन में एएसपी सिटी भोलाराम यादव के सुपरविजन में कोतवाली, अजमेर के थानाप्रभारी बनवारीलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि शीघ्र ही आरोपियों की केस में गिरफ्तारी हो सकती है।