गिरफ्तार तस्करों से पुलिस टीम मादक पदार्थ तस्करी रैकेट में शामिल अन्य तस्करों और स्मैक लाने ले जाने, खरीद-फरोख्त के संबंध में गहराई से पूछताछ कर रही है। एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एएसपी चिरंजी लाल मीणा, अकलेरा सीओ गिरधर सिंह के सुपरविजन में टीम गठित की गई है।
अभियान के अंतर्गत एसएचओ घाटोली मोहम्मद इब्राहिम और डीएसटी प्रभारी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को कंवरपुरा घाटी चुरेलिया तिराहे पर नाकाबंदी की गई थी।
1 किलो 250 ग्राम स्मैक मिली
नाकाबंदी में वाहन चेकिंग के दौरान चुरेलिया की तरफ से आ रही एक i20 कार अचानक यू टर्न कर वापस लौटने लगी। संदिग्ध लगने पर टीम ने पीछा कर कार को रोक उसमें बैठे तीनो संदिग्धों को डिटेन किया। तीनों की तलाशी में 1 किलो 250 ग्राम स्मैक मिली। इस पर थाना अकलेरा क्षेत्र निवासी आरोपी आशिक पुत्र सलीम खान (29), इमरान उर्फ बंटी पुत्र कल्लू अली (26), रामलाल तवर पुत्र चंदा लाल (30) को गिरफ्तार कर लिया गया।
1.25 करोड़ रुपए है स्मैक की बाजार में कीमत
एसपी तोमर ने बताया कि जप्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा करोड रुपए है। तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इनसे मादक पदार्थ तस्करी के संबंध में गहन अनुसंधान कर रही है, शीघ्र ही बड़ा खुलासा किया जा सकेगा। इस कार्रवाई में डीएसटी के कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार की अहम भूमिका रही है।