आबूरोड रीको पुलिस टीम ने सिरोही जिलास्तरीय टॉप-10 में सम्मिलित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीते छह माह से वांछित थे। लगातार फरार चल रहे थे। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
आबूरोड रीको थानाधिकारी सीताराम की अगुवाई में टीम द्वारा भक्योरजी, मुंगथला, पुलिस थाना आबूरोड सदर, जिला सिरोही निवासी रमेश उर्फ दादिया पुत्र मोहन गरासिया एवं करजीया, पुलिस थाना रेवदर, जिला सिरोही निवासी लसमाराम उर्फ लक्ष्मण पुत्र भारमाराम गरासिया को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 27 फरवरी 2024 को राह गुजर रहे दो लोगों को रोककर मांगे थे। पैसे नहीं देने पर मारपीट कर मोटरसाइकिल ले गए थे।
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी 2024 की रात में आरोपी रीको ग्रोथ सेंटर मावल स्थित गौरव स्टील के आगे से एक बाइक चोरी करने के बाद नदी में गैंग बनाकर शराब की पार्टी कर रहे थे। उस दौरान वहां से गुजर रहे आम्बा, पुलिस थाना आबूरोड रीको निवासी समाराम पुत्र मगाराम भील और उसके एक साथी को रोककर शराब पीने के लिए रुपये मांगे। नहीं देने पर मारपीट कर चोट पहुंचाई। इस घटना के बाद मावल नदी पुल के नीचे से जा रहे बाइक सवार पर पत्थरों से पत्थरबाजी की तथा बाइक छोड़कर भागने पर वे उसे चोरी कर ले गए। इस मामले में आबूरोड रीको थाना में तीन मामले दर्ज किए गए थे।