राजस्थान से छह महिला उम्मीदवार भारतीय सेना में सम्मिलित हुई हैं। इनमें तीन झुंझनूं और तीन नागौर जिले से हैं। चयनित महिला उम्मीदवारों का कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस के प्रशिक्षण केंद्र, बेंगलुरु में प्रशिक्षण शुरू हो गया है।
सेना के जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) कर्नल अमिताभ शर्मा ने बताया, राजस्थान की छह अग्निवीर महिला उम्मीदवार एक मई 2024 को भारतीय सेना में शामिल हुई हैं। इन उम्मीदवारों का गत एक मई 2024 को कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस के प्रशिक्षण केंद्र, बेंगलुरु में प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। राजस्थान राज्य देश की सशस्त्र सेनाओं की सेवा में अग्रणी होने के साथ-साथ राज्य में महिलाओं के बढ़ते सशक्तीकरण का भी प्रतिनिधित्व करता है। मेरिट सूची में तीन उम्मीदवार सेना भर्ती कार्यालय, झुंझुनूं से हैं, जो कि झुंझनूं, बीकानेर और चूरू जिलों का प्रतिनिधित्व करते हैं। जबकि तीन उम्मीदवार सेना भर्ती कार्यालय, जोधपुर से हैं, जो कि नागौर जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं।
इन सभी उम्मीदवारों ने अपने सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं तक बहुत उच्च अंक प्राप्त किया है और उनमें से एक कला संकाय में स्नातक है। इन सभी ने स्क्रीनिंग टेस्ट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और सभी उम्मीदवारों के बीच प्रथम छह स्थान हासिल किया है। ये बहादुर महिलाएं अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर रही हैं। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर इन उम्मीदवारों को भारतीय सेना में एक पुरस्कृत कैरियर के लिए शुभकामनाएं देता है।