यात्रियों से लूटपाट करते बदमाश। मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
आबूरोड सदर पुलिस थानांतर्गत सरूपगंज-अहमदाबाद फोरलेन पर ओर गांव के समीप बीती रात बदमाशों ने ट्रैवल्स बस में लूट की वारदात को अंजाम दिया। 4 से 5 बदमाश दो बाइक पर सवार होकर आए। बदमाश बस सवार यात्रियों से मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर पुलिस थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों से जानकारी प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार अहमदाबाद, गुजरात से जोधपुर जा रही ट्रैवल्स की बस में बुधवार देर रात करीब 11 बजे ओर गांव के समीप अचानक खराबी हो गई थी। चालक ने हाईवे के पास साइड में खाली जगह देखकर बस को खड़ा किया था। इस दौरान दो बाइक पर सवार होकर 4 से 5 की संख्या में बदमाश वहां आए। उन्होंने आते ही वहां खड़े यात्रियों से लूटपाट करना शुरू कर दिया। वे लोग 3 से 4 यात्रियों के मोबाइल फोन और नकदी लूटकर भाग खड़े हुए।
इस घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर खूब खरी खोटी सुनाई। इस मामले में आबूरोड सदर पुलिस थानाधिकारी राजीव भादू का कहना है कि इस मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच करते हुए बदमाशों की तलाश की जा रही है।