अस्पताल में भर्ती घायल लाइनमैन।
- फोटो : अमर उजाला
आबूरोड उपखंड के चनार गांव में गत शनिवार को करंट से हुई एक व्यक्ति की मौत के महज पांच दिन बाद ही डिस्कॉम रूरल कार्यालय के अधीन दोबारा बड़ी लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है। इस बार मामला गिरवर गांव का है, जहां पर संबंधित ठेकेदार बिना बिजली सप्लाई बंद किए कार्य करवाने के दौरान एक लाइनमैन इसकी चपेट में आ गया। इससे वह बुरी तरह से झुलस गया। इसके बाद तत्काल लाइनों को बंद करके उसे अलग किया गया। आबूरोड के एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती करवाया गया।
इस मामले में घायल लाइनमैन के भाई और आबूरोड पंचायत समिति सदस्य हूसाराम गरासिया ने बताया कि डिस्कॉम ठेकेदार गिरवर गांव में बिना बिजली सप्लाई बंद किए दीताराम पुत्र रामाराम गरासिया से लाइन पर कार्य करवाया जा रहा था। इस दौरान करंट आ जाने से दीतराम इसकी चपेट में आ गया। उसे तत्काल यहां लाकर भर्ती करवाया गया है। डिस्कॉम एवं संबंधित ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में जानकारी के लिए डिस्कॉम रूरल एईएन मिथिलेश कुमार के मोबाइल पर भी संपर्क किया गया लेकिन, उनके कॉल अटेंड नहीं करने से डिस्कॉम का पक्ष नहीं मिल सका।