सिरोही जिले की रोहिड़ा पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा वाटेरा गांव में एक आवासीय मकान में बने गोदाम में दबिश देकर वहां अवैध रूप से भंडारण किए गए 4,860 लीटर घी को जब्त किया गया है। यह घी 324 पैकेट में भरा हुआ था। इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। सबसे बड़ी एवं खास बात यह है कि संबंधित के पास इसका न तो कोई बिल था और न ही इसे बेचने के लिए खाद्य सुरक्षा लाइसेंस। फिलहाल, गुणवत्ता की जांच के लिए घी के सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवा दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के निर्देशानुसार आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में अवैध कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रोहिड़ा थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह की अगुवाई में सहायक उपनिरीक्षक छैल सिंह, हेड कांस्टेबल समय सिंह, कांस्टेबल श्रवण कुमार, प्रकाशचंद एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिरोही दिलीप सिंह की टीम को गश्त के दौरान वाटेरा गांव में भंवरलाल पुत्र लीलाराम घांची के मकान में बने हुए गोदाम में भारी मात्रा मे अवैध रूप से घी भण्डारण किए हुए होने की सूचना मिली थी।
इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर भंवरलाल के घर में बने हुए गोदाम की तलाशी ली गई। वहां पर अवैध रूप से बिना बिल एवं खाद्य सुरक्षा अनुज्ञापत्र के कुल 324 पैकेट में भरा हुआ 4,860 लीटर घी श्री मूल ब्रांड का पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा इसे जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही जांच के लिए सैंपल लेकर गोदाम को सीज कर दिया गया।