मातर माता मंदिर में बाढ़ का कहर, 290 श्रद्धालु SDRF ने बचाए
सिरोही जिले में शनिवार को अचानक भारी बारिश और पहाड़ी से तेज बहाव के कारण प्रसिद्ध मातर माता मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु फंस गए। धार्मिक आयोजन में शामिल लगभग 290 श्रद्धालुओं के लिए मंदिर से बाहर निकलना असंभव हो गया। सीढ़ियां पानी में डूब जाने और रास्ता बंद हो जाने से हालात बेहद गंभीर हो गए।
दोपहर करीब 12:30 बजे सिरोही पुलिस कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ राजस्थान को सूचना दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ कमांडेंट राजेंद्र सिंह सिसोदिया के निर्देश पर टीम F-06 के प्रभारी ओम सिंह अपने आठ जवानों और आवश्यक आपदा राहत उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
करीब 1:00 बजे टीम ने हालात का जायजा लिया और पाया कि श्रद्धालुओं को सीढ़ियों से निकालना संभव नहीं है। टीम कमांडर ने तत्काल निर्णय लेते हुए पहाड़ी पर रस्सी (रोप) बांधकर सुरक्षित निकासी की योजना बनाई। जवान अर्जुनराम, संजय मेहरा, भैराराम, भगवानराम, महेंद्र राणा, दिनेश कुमार और रोहिताश्व ने लगातार चार घंटे तक अभियान चलाया। एक-एक श्रद्धालु को रस्सी की मदद से नीचे सुरक्षित उतारा गया। शाम 5 बजे तक सभी 290 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Flood News: राजस्थान में जल प्रलय: चंबल खतरे के निशान से 3 मी. उपर, आज 5 जिलों में रेड अलर्ट
एसडीआरएफ की इस त्वरित कार्रवाई और पेशेवर बचाव कार्य की स्थानीय लोगों और प्रशासन ने सराहना की। टीम ने न सिर्फ श्रद्धालुओं की जान बचाई बल्कि आपदा प्रबंधन में अपनी उत्कृष्ट दक्षता और समर्पण का परिचय भी दिया।
यह भी पढ़ें- Sirohi News: बत्तीसा बांध ओवरफ्लो, एसडीएम ने किया निरीक्षण; आमजन के लिए दिशानिर्देश जारी