सात महीने पहले पंजाब निर्मित 245 कार्टन शराब की तस्करी के मामले में पुलिस ने आरोपी सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी अब तक लगातार फरार चल रहा था।
सरूपगंज थानाधिकारी कमलसिंह की अगुवाई में कांस्टेबल परमेश्वरलाल, पुखराजसिंह एवं राजेंद्र कुमार की टीम ने चुरू निवासी विकास कुमार उर्फ विक्रम नायक पुत्र श्रवण कुमार नायक को इस मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना रीको, आबुरोड ने 11 जुलाई को मावल चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान हरियाणा पासिंग के एक आयशर मिनी ट्रक से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 245 कार्टन बरामद किए थे।
मामले में वांछित आरोपी विकास कुमार उर्फ विक्रम नायक पिछले काफी समय फरार चल रहा था। लगातार किए जा रहे प्रयासों के बाद अब जाकर उसे गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली। पुलिस अब इस मामले में आरोपी के नेटवर्क का पता लगा रही है।