Sikar News: श्रीमाधोपुर शहर के चौपड़ बाजार में अल सुबह एक ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग के कारण आस पास खड़ी रेहड़ियों, तिरपाल व कच्ची दुकानों में आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
श्रीमाधोपुर में आग लगने की घटना सामने आई है। जहां एक ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग के कारण आस पास खड़ी रेहड़ियों, तिरपाल व कच्ची दुकानों में आग लग गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और नगरपालिका फायर ब्रिगेड को फोन करके बुलाया और बिजलीकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड और बिजली कर्मियों ने ट्रांसफार्मर की लाइनों को कटवा कर आग को बुझाया और बाकी एरिया की लाइट को चालू किया।
विज्ञापन
दरअसल कई सालों से चौपड़ बाजार के ट्रांसफार्मर की बाउंड्री के तीनों ओर रेहड़ी और तिरपाल आदि लगाकर मणिहारी के सामान का बेचान लोग कर रहे है। अंदेशा जताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में से स्पार्किंग होने के कारण चिंगारी तिरपाल पर गिर गई और आग लग गई। आग ने भयंकर रूप ले लिया था, लेकिन समय पर श्रीमाधोपुर नगरपालिका की फायर ब्रिगेड गाड़ी और कर्मचारी पहुंच गए, जिससे आग को समय पर बुझा दिया गया। वरना आग अगर आस-पास की अन्य दुकानों तक पहुंच जाती तो लाखों का नुकसान हो जाता।