मामले की जांच में जुटे पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
सीकर जिले के खण्डेला इलाके के हमीरपुर कला में पावर हाउस के पास एक खेत में स्थित मकान में महिला और उसके बेटे का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक महिला के गले में फंदा लगा हुआ मिला। जबकि उसके बेटे का शव फर्श पर पड़ा हुआ मिला।
घर में मां और बेटे का शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। जिसके बाद सीकर पुलिस अधीक्षक पारिश देशमुख के साथ पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। प्रथम दृष्टया मां-बेटे दोनों की हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव देखने में दो दिन पुराने लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मृतका के दो बेटे थे। मृतका के पति का दो साल पहले ही देहांत हो गया था। बड़ा बेटा शुरू से ही अपने मामा के पास रहता है और शादीशुदा है। मृतक लोकेश (21) की शादी आगामी आठ सितंबर को होनी थी।
दरअसल, सोमवार को मृतका के जवाई ने सास को फोन किया था। फोन नहीं उठाने पर मंगलवार को मिलने वाले को अपने ससुराल हमीरपुराकलां भेजा। उस व्यक्ति ने मकान के ताले लगे हुए देखकर मकान की चारदीवारी के ऊपर से जाकर देखा, तो बदबू आई। उसने पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। जिसके बाद देर रात मौके पर पुलिस अधीक्षक पारिस देशमुख और एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड की टीम जांच करने में जुटी रही। मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए। पोस्टमार्टम के बाद आज शव परिजनों को सुपुर्द किए जाएंगे।